नशे में धुत चालक की तेज रफ्तार कार घर में घुसी, बरामदा क्षतिग्रस्त; पति-पत्नी घायल
चंदौली के सराय रसूलपुर में देर रात हादसा, कार की टक्कर से गृहस्थी का सामान और बकरी भी चपेट में

रंधा सिंह, चंदौली
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर गांव में शनिवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार एक मकान के बरामदे में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि घर का बरामदा क्षतिग्रस्त हो गया। बरामदे में रखा पंखा, साइकिल, चारपाई समेत अन्य गृहस्थी का सामान टूटकर खराब हो गया। वहीं, पास में बंधी एक बकरी भी हादसे की चपेट में आ गई और उसका पैर टूट गया।
बताया गया कि हादसे के समय मकान मालिक वहाबुद्दीन अपनी पत्नी के साथ बरामदे में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ कार मकान में जा घुसी। टक्कर के कारण घर की पटिया और ईंटें दोनों के ऊपर गिर गईं, जिससे पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे में वहाबुद्दीन कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कार चालक राजन कुमार समेत दो लोगों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कार सवार नशे की हालत में थे।
बताया गया कि कार सवार लोगों ने ही पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर कॉल किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों लोगों को रात में ही मोहरगंज पुलिस चौकी ले गई।
पुलिस की मौजूदगी में घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहाबुद्दीन के मुताबिक, वह परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार उनके घर में घुस गई। इसके बाद ऊपर पटिया और ईंटें गिरने से उन्हें कुछ पता नहीं चला।
वहीं, उनके छोटे बेटे मुश्ताक़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि वहाबुद्दीन के सिर, हाथ और कमर में चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी के कमर और पैर में चोट लगी है।
हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, कार की रफ्तार और चालक की स्थिति समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।




