Chandauli

मातृ दिवस पर डीडीयू जंक्शन को मिली नई सुविधा, “शिशु आहार कक्ष” का हुआ शुभारंभ

महिला यात्रियों और नवजात शिशुओं की सुविधा के लिए कॉनकोर्स एरिया व प्लेटफॉर्म 3/4 पर शुरू हुई निःशुल्क व्यवस्था

रंधा सिंह, चन्दौली

 

 

चंदौली: Pt. Deen Dayal Upadhyay Junction पर मातृ दिवस के अवसर पर महिला यात्रियों और उनके शिशुओं को बड़ी सौगात मिली। रविवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा स्टेशन के कॉनकोर्स एरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “शिशु आहार कक्ष” सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा का उद्घाटन पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन एवं डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष चित्रा सिंह ने किया।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना, मंडल के विभिन्न अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं तथा रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में दो स्थानों पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। इनमें कॉनकोर्स एरिया तथा प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 स्थित वातानुकूलित प्रतीक्षालय शामिल हैं। यह सुविधा यात्रियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने सभी को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीडीयू मंडल हमेशा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है। उन्होंने कहा कि “शिशु आहार कक्ष” जैसी जनोपयोगी और संवेदनशील सुविधा की शुरुआत मंडल के लिए गर्व की बात है। उनका कहना था कि रेलवे का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि यात्रियों की जरूरतों और भावनाओं को समझते हुए जनहितकारी पहल करना भी है।

वहीं, चित्रा सिंह ने कहा कि नई माताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस बेबी फीडिंग सेंटर की शुरुआत की गई है, ताकि यात्रा के दौरान माताओं को अपने शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि यह सुविधा महिला यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित होगी।

रेलवे की इस पहल की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है। मातृ दिवस पर शुरू की गई यह सुविधा महिलाओं और बच्चों के लिए रेलवे की संवेदनशील सोच को दर्शाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button