Varanasi

वाराणसी के सबसे वीआईपी सड़क बनी ‘मधुशाला’, नदेसर पुलिस और आबकारी विभाग मौन

कैन्ट थानांतर्गत नदेसर चौकी क्षेत्र के वरुणा पुल के पास रोज सजती है शराबियों की महफिल, राहगीर परेशान

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कानून व्यवस्था और कमिश्नरेट पुलिस के दावों को ठेंगा दिखाते हुए कैन्ट थानांतर्गत नदेसर चौकी क्षेत्र के वरुणा पुल के पास रोज शराबियों का खुला जमावड़ा लग रहा है। जिले की सबसे वीआईपी मानी जाने वाली इस सड़क के किनारे खुलेआम बियर और दारू का दौर चलता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

वीआईपी सड़क बनी शराबियों का अड्डा

वरुणा पुल के पास की यह वही मुख्य सड़क है जहां से जिले के तमाम आला अधिकारी, प्रशासनिक अमला और वीआईपी रोजाना गुजरते हैं। इसके बावजूद, सड़क किनारे सरेआम जाम छलकाने वाले इन अराजक तत्वों में कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं है। आते-जाते राहगीरों और खासकर महिलाओं को इस रास्ते से गुजरने में भारी असहजता और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

नए चौकी प्रभारी के आते ही टूटी ‘लगाम’

स्थानीय लोगों के अनुसार, नदेसर चौकी के पूर्व प्रभारी सुमित पाण्डेय ने अपने कार्यकाल में मुस्तैदी दिखाते हुए इन शराबियों पर पूरी तरह लगाम लगा रखी थी। उनके समय में सड़क किनारे खड़े होने वालों पर सख्त कार्रवाई होती थी। लेकिन जैसे ही नए चौकी प्रभारी की तैनाती हुई है, ऐसा लगता है कि शराबियों को खुलेआम हुड़दंग मचाने की खुली छूट मिल गई है। नदेसर चौकी पुलिस इस जमावड़े को हटवाने में पूरी तरह असमर्थ और लाचार नजर आ रही है।

सो रहा आबकारी विभाग, कमिश्नरेट पुलिस पस्त

इस खुली लापरवाही ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी उठता है कि आखिर आबकारी विभाग (Excise Department) किस गहरी नींद में सोया है, जिसकी नाक के नीचे नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सड़क किनारे सरेआम नशाखोरी होने के बावजूद आबकारी और स्थानीय पुलिस की यह चुप्पी किसी बड़ी सांठगांठ या घोर लापरवाही की ओर इशारा करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button