Varanasi

सुबह टहलने निकलीं 75 वर्षीय महिला से चेन छीनने का प्रयास; शोर मचाने पर धक्का देकर हुआ फरार, BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ शहर में, फिर भी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन छीनने का प्रयास — सुरक्षा व्यवस्था के बीच वारदात ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े किए

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

 

~ रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे टहलने निकली थीं कलावती देवी

~ बालाजी नगर कॉलोनी के पास अज्ञात आरोपी ने गले से चेन छीनने की कोशिश की

~ विरोध करने पर आरोपी ने बुजुर्ग महिला को धक्का दिया और हुआ फरार,  देवी की कमर में आई गंभीर चोट 

~ घायल महिला का BHU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज

~ मुख्यमंत्री शहर में, अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस की गश्त पर सवाल


वाराणसी। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के काशी दौरे के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट होने का दावा कर रहा है, लेकिन इसी बीच वाराणसी में सामने आई एक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालाजी नगर कॉलोनी के पास सुबह करीब 5 बजे टहलने निकली 75 वर्षीय कलावती देवी से एक अज्ञात व्यक्ति ने चेन छीनने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि वाराणसी के लंका थानान्तर्गत बालाजी नगर कॉलोनी निवासिनी कलावती देवी रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाते हुए इसका विरोध किया, जिसके चलते आरोपी चेन छीनने में सफल नहीं हो सका। आरोप है कि इसके बाद बदमाश ने कलावती देवी को धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।

धक्का लगने के कारण बुजुर्ग महिला की कमर में गंभीर चोट आई है। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद परिजनों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सुबह के समय जब बुजुर्ग और महिलाएं घर से टहलने निकलती हैं, उस वक्त पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होनी चाहिए। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने, आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और क्षेत्र में सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

अमन यादव ने घटना को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “दिनदहाड़े बेखौफ बदमाश ने 75 वर्षीय मेरी मां से चेन छीनने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर आरोपी फरार हो गया।”

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद काशी में मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है, ऐसे समय में शहर के एक इलाके में सुबह-सुबह एक बुजुर्ग महिला से चेन छीनने का प्रयास कैसे हो गया? घटना ने अपराधियों के हौसलों और पुलिस की जमीनी गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी तक कितनी जल्दी पहुंचती है और बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना में क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button