Varanasi

सारनाथ पुलिस व एसओजी की बड़ी सफलता: कई चोरी की वारदातों का खुलासा; शातिर चोर ‘चीकू’ गिरफ्तार, सोना-चांदी, कैमरा और ₹67 हजार बरामद

फरीदपुर अंडरपास से हुई गिरफ्तारी, आरोपी पर चोरी के 19 मुकदमे दर्ज; तीन मामलों का सफल अनावरण

वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीली एवं सफेद धातु के बिस्किट, एक सोनी डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

 

 

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार तड़के करीब 12:45 बजे फरीदपुर अंडरपास से चित्रांश खरवार उर्फ चीकू पुत्र बृजेश खरवार निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही थाना सारनाथ में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों का सफल खुलासा किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से करीब 110.5 ग्राम वजन का पीली धातु का एक बिस्किट, लगभग 643 ग्राम वजन का सफेद धातु का एक बिस्किट, एक सोनी डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद सामान चोरी की घटनाओं से संबंधित बताया जा रहा है।

जांच के दौरान सामने आया कि 20 मई 2026 को आशापुर स्थित लोहिया नगर ईस्ट निवासी सीताराम गुप्ता के घर से तीन कैमरे, दो घड़ियां, सोने की अंगूठी और चांदी के पुराने सिक्के चोरी हुए थे। इसके बाद 30 मई को बैंक कॉलोनी बेनीपुर निवासी शिवांश मिश्रा के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। वहीं 19 जून को पुराना आरटीओ निवासी महेंद्र यादव के घर का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी की गई थी। तीनों मामलों में थाना सारनाथ पर मुकदमे दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चित्रांश खरवार उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर इन तीनों मामलों का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक शातिर चोर है और उसके विरुद्ध वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त तथा अन्य अपराधों से जुड़े कुल 19 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें चेतगंज, सिगरा, चितईपुर, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ और जैतपुरा थानों के कई मामले शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उससे पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में थाना सारनाथ पुलिस टीम के साथ एसओजी वाराणसी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप तीन चर्चित चोरी की वारदातों का सफल अनावरण किया जा सका।

इस कार्रवाई में थाना सारनाथ और एसओजी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसओजी टीम का नेतृत्व प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक आयुष पाण्डेय, कांस्टेबल आलोक मौर्य, अवनीश पाण्डेय, सुमित शाही, मनीष तिवारी और अभिषेक वर्मा ने संयुक्त अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं थाना सारनाथ की ओर से थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाल सिंह एवं अनुज कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव और पंकज सिंह, तथा कांस्टेबल पुरुषोत्तम मिश्रा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि इसी प्रभावी कार्रवाई के चलते तीन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण हुआ और शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जा सका।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button