Varanasi

रथयात्रा में चर्चित जुए के अड्डे पर SOG-2 का छापा, संचालकों सहित 47 गिरफ्तार, 21 लाख बरामद, कई सफेदपोशों की भूमिका संदिग्ध

DCP क्राइम नीतू कादयान के नेतृत्व में छापेमारी से जुआ संचालकों में मचा हड़कंप, अब सवाल—इतने बड़े जुए के अड्डे तक स्थानीय पुलिस की नजर क्यों नहीं पहुंची?

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के रथयात्रा इलाके में चल रहे कथित बड़े जुआ अड्डे पर कमिश्नरेट की SOG-2 की टीम ने छापेमारी कर 47 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मौके से 21 लाख 11 हजार 965 रुपये नकद, 53 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और 10 नई ताश की गड्डियां बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 16 सितंबर की रात सूचना के आधार पर मकान संख्या डी 59/1 ई, डी कुसुमकुंज, रथयात्रा, सिगरा, केशव पान भंडार के पास की गई। टीम ने मकान की घेराबंदी कर एक कमरे में छापेमारी की, जहां बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर जुआ खेलते मिले।

 

 

फड़ से बरामद हुए 19.53 लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक मौके पर जुए के फड़ से 19 लाख 53 हजार 455 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा गिरफ्तार लोगों की जामा तलाशी में 1 लाख 58 हजार 510 रुपये मिले। इस तरह कुल नकद बरामदगी 21 लाख 11 हजार 965 रुपये बताई गई है।

इसके साथ ही पुलिस ने 53 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और 10 नई ताश की गड्डियां भी कब्जे में ली हैं।

पूछताछ में भवन स्वामी और सहयोगियों के नाम सामने आने का दावा

पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में बताया गया कि भवन स्वामी विशाल सिंह द्वारा अपने मकान में रुपये लेकर जुआ खिलाया जाता था। पुलिस का कहना है कि जुआ खेलने की व्यवस्था कराने में एक सफेदपोश रोशन कुमार, रफीक खान और विजय जायसवाल सहयोग करते थे और इसके बदले प्रतिदिन रुपये लिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक मौके से विशाल सिंह के नाम का ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड तथा अलग-अलग बैंकों के डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों और बरामदगी के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

रफीक खान और विजय जायसवाल समेत 47 लोग गिरफ्तार

गिरफ्तार लोगों में संचालक रोशन कुमार, रफीक खान, विजय जायसवाल समेत वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज और आसपास के इलाकों के 47 लोग शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही है। बरामद नकदी और अन्य सामान को कब्जे में लेकर चिटबंदी और सील की कार्रवाई भी की गई।

डीसीपी क्राइम नीतू कादयान के नेतृत्व में नवगठित SOG-2 की जोरदार बैटिंग से ढहा सिगरा का चर्चित जुआ का अड्डा

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, अपराध के निर्देश पर अपराध और जुआ खेलने की गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में SOG-2 प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान के नेतृत्व में SOG-2 की टीम शामिल रही।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम  में उ०नि० पंकज सिंह चौहान, प्रभारी एसओजी-2; हे०का० बृज बिहारी ओझा: का० आशीष कुमार सिंह, का० आशुतोष सिंह, का० कमल किशोर, का० गौरव भारती शामिल रहें।

पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम ने पहले सूचना के आधार पर मकान की घेराबंदी की और इसके बाद अंदर मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी और कानूनी कार्रवाई की।

अब जुए के पूरे नेटवर्क की जांच पर नजर

एक साथ 47 लोगों की गिरफ्तारी और 21 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद होने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई का अगला चरण महत्वपूर्ण होगा। जांच में यह पता लगाया जाना है कि इस कथित जुआ अड्डे का संचालन कितने समय से हो रहा था, इसमें किन लोगों की भूमिका थी और पैसों के लेन-देन का नेटवर्क कितना बड़ा था।

पुलिस के प्रेस नोट में पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताई गई जानकारी के आधार पर भवन स्वामी और तीन अन्य लोगों की भूमिका का उल्लेख किया गया है। इन आरोपों की आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

फिलहाल SOG-2 और सिगरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 47 गिरफ्तारियां, 21.11 लाख रुपये की नकदी और बड़ी संख्या में मोबाइल व ताश की गड्डियों की बरामदगी इस कार्रवाई के प्रमुख बिंदु हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button