News

चंदौली में 25 हजार लीटर डीजल से भरा टैंकर पकड़ा, चालक गिरफ्तार

स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में 13,986 लीटर डीजल का अंतर मिलने का दावा, सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रिपोर्ट: रंधा सिंह, संवाददाता, चंदौली। 

 

चंदौली। जिले में डीजल के परिवहन और स्टॉक में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। चंदौली थाना पुलिस ने 7 अक्टूबर 2026 को एनएच-2 स्थित नवीन मंडी परिसर के पास से 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा एक टैंकर पकड़ा। पुलिस ने टैंकर चालक अवधेश कुमार को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच में एक पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में भी 13,986 लीटर डीजल का अंतर मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान टैंकर संख्या MH 43 AF 3359 को कब्जे में लिया गया। आरोप है कि कूटरचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल के माध्यम से डीजल का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर नामक पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में भी अनियमितताएं मिलने का दावा किया गया है।

जिलाधिकारी के आदेश पर हुआ मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, जिलाधिकारी चंदौली की अनुमति एवं आदेश के अनुपालन में थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 दर्ज किया गया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रयागराज का निवासी है गिरफ्तार चालक

गिरफ्तार चालक की पहचान अवधेश कुमार पुत्र राम सजीवन, निवासी ग्राम देवगलपुर, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने टैंकर से 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद करने की जानकारी दी है।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। डीजल के परिवहन, दस्तावेजों और पेट्रोल पंप के स्टॉक में कथित अंतर से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button