Varanasi

शेयर बाजार में भारी नुकसान के बाद आत्महत्या करने पहुंचा युवक, वाराणसी पुलिस की सूझबूझ से बची जान

राजघाट पुल के रेलवे ट्रैक पर चढ़ा था 35 वर्षीय युवक, परिजनों की सूचना पर रामनगर पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

माधवी मिश्रा, वाराणसी

 

 

वाराणसी/रांची। रामनगर थाना क्षेत्र स्थित राजघाट पुल के रेलवे ट्रैक पर शेयर बाजार में हुए भारी नुकसान के बाद आत्महत्या करने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। युवक की पहचान चंदन कुमार (35 वर्ष), निवासी रांची, झारखंड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आर्थिक नुकसान से परेशान युवक ने पुल पर पहुंचकर वीडियो बनाया और उसे अपने परिजनों को भेज दिया, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के निर्देश पर रामनगर पुलिस सक्रिय हो गई और युवक की तलाश के लिए तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने राजघाट पुल और उसके आसपास के इलाके में तलाश करते हुए युवक को रेलवे ट्रैक पर खोज निकाला।

पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा

पुलिसकर्मियों ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझा-बुझाकर आत्मघाती कदम न उठाने के लिए प्रेरित किया। काफी प्रयास के बाद पुलिस टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद उसकी काउंसलिंग की गई और उसे मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया गया।

परिजनों को सौंपा गया युवक

युवक के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। समय रहते पुलिस को सूचना मिलने और टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई किए जाने से एक अनमोल जिंदगी बच गई।

घटना के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस की तत्परता और एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह की पहल की सराहना की। परिजनों की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पुलिस टीम का आभार भी जताया गया। इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आर्थिक नुकसान या किसी भी गंभीर संकट की स्थिति में अकेले निर्णय लेने के बजाय परिवार, दोस्तों या भरोसेमंद लोगों से बात करना और तत्काल मदद लेना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button