
रंधा सिंह, संवाददाता, चन्दौली
~ चंदौली में 1.20 करोड़ की अवैध शराब बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
~ पुट्टी की बोरियों के नीचे 1.20 करोड़ की शराब! चंदौली में तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब
चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस, SWAT और सर्विलांस टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से शराब से लदा ट्रक और एक ब्रेजा कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई सिंघीताली पुल, NH-19 पर चेकिंग के दौरान की गई। टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और उसमें सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुट्टी की 70 बोरियों के नीचे छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान ट्रक में 70 बोरी पुट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई 775 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 6,935 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तस्करों ने पुलिस की नजर से बचाने के लिए शराब को ट्रक में पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था।
500 मीटर आगे चल रही थी ब्रेजा कार
पुलिस जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि ट्रक से करीब 500 मीटर आगे एक ब्रेजा कार चल रही थी। इस कार में सवार लोग पुलिस की लोकेशन पर नजर रखकर पीछे चल रहे ट्रक में मौजूद तस्करों को जानकारी दे रहे थे।
पुलिस ने पीछा कर ब्रेजा कार को भी रोक लिया और उसमें सवार दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई।
दिल्ली-चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली और चंडीगढ़ से कम कीमत पर शराब खरीदकर बिहार ले जा रहे थे, जहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और तस्करी के इस नेटवर्क का संचालन कहां से किया जा रहा था।
एक्शन मोड में सिगरा पुलिस: 12.50 लाख की सोने की चेन चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
ट्रक और ब्रेजा कार भी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से लदा ट्रक और ब्रेजा कार अपने कब्जे में ले ली है। बरामद शराब की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अलीनगर पुलिस, SWAT और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
वाराणसी कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, DCP प्रमोद कुमार की लखनऊ हुई तैनाती





One Comment