
धर्मेन्द्र कुमार, चन्दौली
~ चंदौली को जल्द मिलेगी पुलिस लाइन
~ अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस लाइन का निर्माण करा रही प्रदेश सरकार
~ अन्य सरकारों को नहीं आई प्रशासनिक ढांचे और बुनियादी सुविधाओं के विकास की याद
~ नक्सल प्रभावित क्षेत्र चंदौली के पास करीब दो दशक से नहीं थी अपनी पुलिस लाइन
~ सरकार की यह महत्वाकांक्षी परियोजना जिले की कानून व्यवस्था को करेगी और अधिक मजबूत
~ 281.10 करोड़ रुपये से चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर भोजापुर क्षेत्र में पुलिस लाइन का हो रहा निर्माण
~ 4 बीएचके, 2 बीएचके और 1 बीएचके मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के फ्लैट में रहेंगे पुलिसकर्मी
~ चंदौली में सबसे ऊँची होगी पुलिस की बिल्डिंग, भूतल प्लस 14 मंजिला भवन का हो रहा निर्माण
वाराणसी/चंदौली, 17 मई: चंदौली जिले के गठन के बाद लंबे समय तक पिछली सरकारों द्वारा प्रशासनिक ढांचे और बुनियादी सुविधाओं के विकास की उपेक्षा की गई। विशाल भौगोलिक क्षेत्रफल और बढ़ती प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए चंदौली को वाराणसी से अलग कर अलग जिला बनाया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और विकास कार्यों को तेज गति देना था।
दो दशक की कमी पूरी करेगी नई पुलिस लाइन
कभी नक्सल प्रभावित रहा चंदौली जिला करीब दो दशकों तक अपनी पुलिस लाइन से वंचित रहा, जिसके कारण पुलिस महकमे को अनेक व्यावहारिक और परिचालन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस लंबे समय से चली आ रही कमी को दूर करने का संकल्प लिया और इसे धरातल पर उतार दिया है।
281 करोड़ की परियोजना, सितंबर 2026 तक पूरा होगा काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर भोजापुर क्षेत्र में लगभग 32.50 एकड़ भूमि पर 281.10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पुलिस लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिला मुख्यालय से मात्र पांच किलोमीटर की दूरी पर बन रही यह पुलिस लाइन सितंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बहुमंजिला भवन
नई पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले आवासीय विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कर्मी 4 बीएचके, 2 बीएचके और 1 बीएचके वाले फ्लैटों में रह सकेंगे। यहां भूतल प्लस 14 मंजिला और भूतल प्लस 9 मंजिला दो प्रमुख आवासीय इमारतें बनाई जा रही हैं, जो इस परियोजना की भव्यता को दर्शाती हैं।
मुख्य भवन और सुविधाएं
– आवासीय भवन: टाइप-ए (G+9) और टाइप-बी (G+14)
– एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक (G+3)
– इंडोर जिम (G+3)
– बैरक: 200 क्षमता (G+4), 300 क्षमता (G+5) तथा महिला बैरक 50 क्षमता (G+1)
– अन्य आवासीय इकाइयां: टाइप-4 आवास (G+1), आरआई आवास, क्वार्टर गार्ड, राजपत्रित गेस्ट हाउस (4 सुइट्स, G+1)
– अतिरिक्त सुविधाएं: पुलिस क्लब, मोटर लाइन कॉम्प्लेक्स (गैरेज सहित), अस्पताल, बिजली सब-स्टेशन, आरटीसी स्कूल (G+2) और ट्रांजिट हॉस्टल (G+2)
जनता और पुलिस दोनों को होगा लाभ
यह आधुनिक पुलिस लाइन चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवास, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, फिटनेस और प्रशासनिक सुविधाएं मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी। परिणामस्वरूप आम नागरिकों को भी अधिक तेज, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पूर्वांचल में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार का यह एक बड़ा और सराहनीय कदम माना जा रहा है। नई पुलिस लाइन न केवल चंदौली बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।




