रफ्तार का कहर: बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर को मारी जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
धीना-अमड़ा मार्ग पर डिग्घी गांव के सामने हादसा, खेत से लकड़ी लेकर लौट रहे थे युवक, ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया

रिपोर्ट: चंदन सिंह।
चंदौली (धीना): जनपद के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत अमड़ा-धीना मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डिग्घी गांव के सामने बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे जा रहे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक सहित उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खेत से लौटते समय काल बनी तेज रफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिग्घी गांव निवासी दिलीप अग्रहरि (25 वर्ष) और हरिवंश प्रजापति शनिवार को खेत से लकड़ी लादकर ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर डिग्घी गांव के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी अमड़ा की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर पूरी तरह अनियंत्रित हो गया और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
ग्रामीणों ने मसीहा बनकर पहुंचाया अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल कमालपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय धीना थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हादसे के कारण अमड़ा-धीना मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू रूप से बहाल कराया।




