चोलापुर पुलिस का ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’: वाराणसी में खाकी का रौब दिखाकर ठगी करने वाला फर्जी दरोगा गिरफ्तार

-
नौकरी दिलाने और चेकिंग के नाम पर करता था अवैध वसूली, आरोपी के पास से फर्जी पुलिस ID और नियुक्ति पत्र बरामद
-
चोलापुर पुलिस ने आयर बाजार औरा नहर के पास से दबोचा; खाकी वर्दी, स्टार, बेल्ट और आपदा मित्र कार्ड समेत कई दस्तावेज जब्त
वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के चोलापुर थाना पुलिस को ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) की फर्जी वर्दी पहनकर जनता पर धौंस जमाने और ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से भारी मात्रा में पुलिस वर्दी, जाली पहचान पत्र और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर नहर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशानुसार अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोलापुर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फर्जी दरोगा बनकर क्षेत्र में घूम रहा है और लोगों से अवैध वसूली कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक सदुबन राम गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 02 जुलाई 2026 को समय करीब रात 00:40 बजे आयर बाजार औरा नहर के पास से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शिवपुर का रहने वाला है फर्जी दरोगा
पुलिस की गिरफ्त में आए अभियुक्त की पहचान राजन प्रजापति (उम्र करीब 23 वर्ष), पुत्र सभापति प्रजापति, निवासी इन्द्रपुर, थाना शिवपुर, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है।
पूछताछ में उगला राज: नौकरी के नाम पर ऐंठे लाख रुपये
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी राजन प्रजापति ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह दरोगा की वर्दी पहनकर क्षेत्र में घूमता था ताकि लोग उसे असली पुलिसवाला समझें। वह लोगों पर धौंस जमाकर नौकरी लगवाने के नाम पर और चेकिंग के बहाने अवैध धन उगाही करता था। उसने बताया कि कुछ समय पहले उसने पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर किशन विश्वकर्मा (निवासी महगाँव, सिंधौरा) से एक लाख रुपये की ठगी की थी, जिसे उसने अपनी शानो-शौकत और दैनिक जरूरतों में खर्च कर दिया। इस ठगी को अंजाम देने के लिए उसने फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी पुलिस आईडी कार्ड भी तैयार कर रखे थे।
आरोपी के पास से बरामदगी का विवरण:
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से जालसाजी में इस्तेमाल होने वाला निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
-
1 अदद खाकी वर्दी सेट, 04 अदद पीली धातु के स्टार मय फ्लैप पुलिस कलर रिबन
-
1 अदद पुलिस बेल्ट, 1 जोड़ी ब्राउन जूता और खाकी मोजा
-
1 अदद पी-कैप, 1 अदद बैरेट कैप मय ताज, 2 अदद नेम प्लेट और 2 अदद उ०प्र०पु० बैज
-
1 अदद सीटी डोरी, 2 एंड्रायड मोबाइल फोन, 1 बैग, 1 पर्स और ₹1200 नगद
-
दस्तावेज: 3 अदद फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, 1 फर्जी नियुक्ति पत्र की छायाप्रति, 1 आधार कार्ड, 1 आपदा मित्र कार्ड, 1 निर्वाचन कार्ड, 1 पैन कार्ड और 1 यूनियन बैंक का डेबिट कार्ड।
विधिक कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना चोलापुर में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0268/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 204, और 205 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की अग्रिम विवेचना उप-निरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव द्वारा की जा रही है। आरोपी का पहले से भी एक आपराधिक इतिहास (मु0अ0सं0 0267/2026) सामने आया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
सफल कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सदुबन राम गौतम, उ0नि0 अनिल कुमार, म0उ0नि0 संध्या जायसवाल, हे0का0 अनुनेष कुमार सिंह, हे0का0 मो0 शकील अहमद और रि0का0 विपिन कुमार सिंह शामिल रहे।




