Chandauli में धीरे-धीरे बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, बाढ़ से निपटने के लिए 40 बाढ़ चौकियां स्थापित
चन्दन सिंह, चन्दौली

चंदौली। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन की ओर से गंगा के तटवर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही 40 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं।
गंगा का जलस्तर फिलहाल करीब 67.5 मीटर के आसपास बताया जा रहा है। हालांकि, जिला प्रशासन का कहना है कि अभी जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है, लेकिन जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए एहतियातन सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।
तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
संभावित बाढ़ को देखते हुए गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। बाढ़ चौकियों के माध्यम से जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों तक तत्काल मदद पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित या संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तत्काल प्रशासन से संपर्क कर सकें।
पशुओं के चारे की भी व्यवस्था
बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सिर्फ लोगों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि पशुओं के लिए भी इंतजाम किए हैं। तटवर्ती इलाकों में पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर पशुपालकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
NDRF टीम भी रहेगी मुस्तैद
जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं है। हालांकि, गंगा के जलस्तर में यदि और बढ़ोतरी होती है तो प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि 40 बाढ़ चौकियों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी तटवर्ती इलाकों में मुस्तैद रहेगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तटवर्ती गांवों के लोगों को समय रहते सूचना देने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले से की जा रही हैं।




