IRCTC श्रद्धालुओं के लिए चलाएगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन, 1 सितंबर से चार ज्योतिर्लिंग और साईं बाबा के दर्शन का मिलेगा अवसर
रंधा सिंह, चंदौली

हेडिंग:
IRCTC श्रद्धालुओं के लिए चलाएगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन, 1 सितंबर से चार ज्योतिर्लिंग और साईं बाबा के दर्शन का मिलेगा अवसर
चंदौली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए 1 सितंबर 2026 से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। यह विशेष धार्मिक यात्रा 8 रात और 9 दिन की होगी, जिसमें यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को चार ज्योतिर्लिंगों, श्री साईं बाबा मंदिर (शिरडी) तथा विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाओं के दर्शन का अवसर मिलेगा।
आईआरसीटीसी की यह पहल भारत सरकार के ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना, देश की सांस्कृतिक विरासत से लोगों को जोड़ना तथा विभिन्न राज्यों के नागरिकों के बीच सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता को मजबूत करना है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में तीन श्रेणियों की व्यवस्था की गई है। स्लीपर क्लास का किराया 18,160 रुपये, एसी-3 टियर का 32,550 रुपये तथा एसी-2 टियर का 39,425 रुपये निर्धारित किया गया है।
यह विशेष ट्रेन रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, हाजीपुर, आरा और बक्सर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), चंदौली से होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी। इस धार्मिक टूर पैकेज को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।




