Jaunpur: बंद कमरे में 40 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, आत्महत्या का मामला
जलालपुर बाजार क्षेत्र के बिबनमऊ गेट पर सुबह हुई घटना, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया मौका मुआयना

राजकुमार बेनवंशी, संवाददाता, जौनपुर
जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिबनमऊ गेट के पास मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 40 वर्षीय संतोष कुमार गुप्ता ने अपने घर के अंदर एक बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार और स्थानीय लोगों के अनुसार, संतोष कुमार गुप्ता स्वर्गीय राम लखन गुप्ता के पुत्र थे और बिबनमऊ गांव के निवासी थे। सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे का दरवाजा बंद पाकर हैरान हुए तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो युवक का शव फांसी पर लटकता हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी प्रशांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कमरे की गहन जांच की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर सबूत जुटाए और पूरी घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जौनपुर भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
परिवार की ओर से अभी तक किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है।




