मेडेलिन ज्वेलर्स के 6 वर्ष पूरे, 5 जुलाई को वाराणसी में होगा स्वर्ण जागरूकता सेमिनार

धनेश्वर साहनी, वाराणसी
वाराणसी। स्वर्ण खरीदारी के प्रति आमजन को जागरूक करने और शुद्ध, प्रमाणित तथा मानकों के अनुरूप सोना खरीदने की जानकारी देने के उद्देश्य से मेडेलिन ज्वेलर्स अपने स्थापना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष स्वर्ण जागरूकता अभियान एवं सेमिनार का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 जुलाई 2026 को नगरी नाटक मंडली, कबीर चौरा, पिपलानी कटरा, वाराणसी में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। वहीं वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा वीडीए सदस्य अंबरीष सिंह ‘भोला’ भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
मेडेलिन ज्वेलर्स से जुड़े आनंद पांडे ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से देशभर में स्वर्ण जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यह जानकारी देना है कि सोना खरीदते समय किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना चाहिए, शुद्ध और प्रमाणित सोने की पहचान कैसे करें, हॉलमार्क का क्या महत्व है तथा उपभोक्ता सुरक्षित और सही निवेश कैसे कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत को सदियों से “सोने की चिड़िया” कहा जाता रहा है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को सोना खरीदने के सही मानकों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। अधिकांश लोग केवल डिजाइन, वजन या कीमत को देखकर खरीदारी कर लेते हैं, जबकि सोने की शुद्धता, हॉलमार्क, कैरेट, बिल, प्रमाणपत्र और विक्रेता की विश्वसनीयता जैसे पहलू भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
आनंद पांडे ने बताया कि सेमिनार में विशेषज्ञ स्वर्ण खरीदारी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि बाजार में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के सोने में अंतर कैसे पहचानें और खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की ठगी या भ्रम से कैसे बचा जाए।
मेडेलिन ज्वेलर्स ने शहरवासियों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों तथा स्वर्ण खरीदने में रुचि रखने वाले सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि वे जागरूक उपभोक्ता बनकर सुरक्षित और प्रमाणित स्वर्ण खरीदारी कर सकें।



