Varanasi

चंदौली में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का भाजपा पर हमला, बोले- INDIA गठबंधन के फैसले पर सभी दल एकजुट होकर बढ़ेंगे आगे

किसानों की समस्याओं, आज़म खान, वाराणसी कॉरिडोर और गठबंधन की राजनीति पर सरकार को घेरा; डीएम को सौंपा ज्ञापन

चन्दन सिंह, चन्दौली

 

 

चंदौली। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को चंदौली कलेक्ट्रेट पहुंचकर मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे सांसद ने कहा कि प्रदेश में किसान, नौजवान और आम जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है।

INDIA गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि 19 जुलाई को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, गठबंधन के सभी सहयोगी दल उसी रणनीति के तहत एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की रीढ़ हमेशा मजबूत रही है, न कभी झुकी है और न ही भविष्य में झुकेगी।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें विपक्षी गठबंधन में फूट डालने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि विपक्ष पूरी मजबूती के साथ एकजुट रहेगा।

सपा सांसद ने आज़म खान के मुद्दे पर भी पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी उनके साथ खड़ी थी, आज भी खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।

वाराणसी में प्रस्तावित कॉरिडोर परियोजनाओं पर बोलते हुए वीरेंद्र सिंह ने कहा कि विकास का पार्टी विरोध नहीं करती, लेकिन ऐसा विकास, जिसमें गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों की अनदेखी हो, उसे पूर्ण विकास नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में प्रभावित लोगों के अधिकारों और पुनर्वास का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि जिले की नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और लो-वोल्टेज के कारण किसानों के निजी नलकूप भी सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मनाशा और चंद्रप्रभा नदी से जुड़ी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित है, जबकि नारायणपुर, भूपौली और गंगा नदी से जुड़े पंप कैनाल भी सुचारु रूप से नहीं चल रहे हैं, जिससे किसानों की खेती पर गंभीर असर पड़ रहा है।

उन्होंने साधन सहकारी समितियों पर खाद की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान समय पर खाद नहीं मिलने से परेशान हैं। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

सपा सांसद ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी और उनकी समस्याओं को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button