वाराणसी: जमीन का रास्ता रोककर 10 लाख रुपये मांगने का आरोप, महिला ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार
फूलवरिया में छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप; एफआईआर दर्ज करने की मांग

रिपोर्ट: वीरेंद्र पटेल, संवाददाता, वाराणसी।
वाराणसी। फूलवरिया क्षेत्र की निवासी एक महिला ने अपनी जमीन पर जाने का रास्ता अवरुद्ध करने, 10 लाख रुपये मांगने, छेड़खानी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त, वाराणसी को शिकायत पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
जमीन पर जाने का रास्ता रोकने का आरोप
शिकायत पत्र के अनुसार, मानस नगर कॉलोनी, फूलवरिया निवासी कमलावती देवी, पत्नी मोहन लाल प्रजापति, की जमीन (आराजी संख्या 733, रकबा पांच बिस्वा, मौजा फूलवरिया, तहसील सदर) पर जाने वाले रास्ते को कथित तौर पर अवरुद्ध कर दिया गया है। महिला ने विनय विश्वकर्मा और उनके भाई बाबू विश्वकर्मा पर रास्ता खोलने के बदले 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
7 अक्टूबर को अभद्रता और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे रास्ता रोके जाने का विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। महिला ने विनय विश्वकर्मा पर अनुचित तरीके से छूने, धक्का देने, अश्लील इशारे करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने उसी शाम 6:22 बजे डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
अगले दिन दोबारा रोकने और मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 8 अक्टूबर की सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच जब वह अपनी जमीन की ओर जा रही थीं, तब कथित तौर पर विनय विश्वकर्मा, बाबू विश्वकर्मा और पांच अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान दोबारा 10 लाख रुपये की मांग की गई और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट की गई। महिला ने तीन दिन के भीतर रुपये नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही है।
मंत्री से संबंध होने की धौंस देने का भी दावा
शिकायत पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि विपक्षियों ने मंत्री से संबंध होने की बात कहकर धौंस जमाई और कार्रवाई होने पर भी कुछ न बिगाड़ पाने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




