Varanasi: क्या खत्म हो गया कानून का खौफ? पुलिस की मौजूदगी में युवक से मारपीट का वीडियो वायरल
सिगरा में पुलिस के सामने युवक से मारपीट, कानून व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर उठे सवाल

अजय त्रिपाठी, वाराणसी
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में एक बार के बाहर युवक के साथ मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी के दौरान युवक के साथ मारपीट होती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिससे कानून व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Varanasi: कैंट पुलिस ने दो शातिर वाहन चोर दबोचे, चोरी की तीन बाइक व तीन कटी बाइकों के पुर्जे बरामद
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना सिगरा थाना क्षेत्र स्थित एक बार के बाहर हुई, जहां किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दावा किया जा रहा है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन युवक के साथ मारपीट होती रही। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
गौरतलब है कि सिगरा थाना प्रभारी अपने सख्त रवैये के लिए जाने जाते हैं और अवैध शराब, देह व्यापार तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते रहे हैं। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस के सामने ही इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो यह असामाजिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस का संकेत माना जा सकता है।
हालांकि, वायरल वीडियो और घटना के सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि जांच में किसी भी पक्ष की गलती सामने आती है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई से ही कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास मजबूत रहेगा और भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने का साहस नहीं कर सकेगा।



