विंध्य एक्सप्रेस-वे लिंक परियोजना को लेकर अहम बैठक, विधायक सुशील सिंह बोले- किसानों की जमीन जबरन नहीं ली जाएगी
चंदौली कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ मंथन, उचित मूल्य पर भूमि अधिग्रहण का आश्वासन; भूमिहीन होने वाले किसानों का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाने का दावा

चंदन सिंह, संवाददाता, चन्दौली
चंदौली। विंध्य एक्सप्रेस-वे लिंक परियोजना को लेकर चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह ने अधिकारियों के साथ किसानों की जमीन के अधिग्रहण समेत परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान किसानों की भूमि अधिग्रहण को लेकर उनकी चिंताओं और समस्याओं पर चर्चा की गई। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि किसानों की जमीन जबरन नहीं ली जाएगी और भूमि का अधिग्रहण उचित मूल्य पर ही किया जाएगा।
Chandauli: मुगलसराय में कंप्यूटर की दुकान में चोरी, सात लैपटॉप समेत सामान ले उड़े चोर
सर्किल रेट में 25 फीसदी बढ़ोतरी का दावा
विधायक ने बताया कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए शासन की ओर से सर्किल रेट में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
भूमिहीन होने वाले किसानों का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाया
बैठक में उन किसानों की स्थिति पर भी चर्चा हुई, जिनकी जमीन अधिग्रहण के बाद उनके पास खेती या आजीविका के लिए पर्याप्त भूमि नहीं बचेगी। विधायक सुशील सिंह ने दावा किया कि ऐसे किसानों का मुद्दा उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने भी उठाया है।
उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण जरूरी हो सकता है, लेकिन इसके साथ किसानों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
समस्याओं के समाधान के बाद ही होगी कार्रवाई
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं और उनकी आपत्तियों का समाधान करने के बाद ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उचित समाधान निकालने पर जोर दिया।
विंध्य एक्सप्रेस-वे लिंक परियोजना को लेकर हुई इस बैठक को किसानों और प्रशासन के बीच समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ किसानों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया और मुआवजे से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।




