
रंधा सिंह, चन्दौली
चन्दौली, मुग़लसराय: Chandauli Police द्वारा अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा कंटेनर के भीतर गुप्त केबिन बनाकर छिपाया गया था और इसे बिहार से वाराणसी सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार मुगलसराय थाना क्षेत्र के रेलवे वीआईपी गेट इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार की ओर से एक ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध गांजा लोड कर औद्योगिक नगर क्षेत्र होते हुए वाराणसी ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने औद्योगिक नगर स्थित पराग डेयरी के पास बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध सफेद रंग का ट्रेलर आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर-07 पर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रेलर के डाले को मॉडिफाई कर बनाए गए गुप्त बॉक्सों में छिपाकर रखे गए कुल आठ बोरों से 184 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखलेश कुमार पुत्र स्वर्गीय कपिल सिंह निवासी अरवल, बिहार (ड्राइवर) तथा अरविंद कुमार पुत्र रामनारायण सिंह निवासी अरवल, बिहार (खलासी) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें बिहार से वाराणसी तक गांजे की खेप पहुंचाने का काम सौंपा गया था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।




