दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूटी, बिना नंबर प्लेट पल्सर से आए बदमाश
शिव मंदिर के पास वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध; पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश

रिपोर्ट: वीरेंद्र पटेल।
वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता हिमांशु सिंह की माता दौलतपुर से खरीदारी कर ऑटो से भारत भूषण स्कूल के पास उतरी थीं। घर से करीब 200 से 250 मीटर पहले शिव मंदिर के पास वह कुछ देर के लिए रुकीं। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे महिला संभल भी नहीं सकीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों संदिग्ध युवक वारदात से पहले काफी देर तक इलाके में घूमते नजर आए थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक दिखाई दी है। फुटेज में एक युवक हेलमेट और दूसरा टोपी पहने हुए नजर आ रहा है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर-पाण्डेयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्धों के भागने के संभावित मार्गों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।




