Varanasi

वाराणसी: केवल महिला ही नहीं, पुरुष भी हो रहे शोषण का शिकार; आज़ाद अधिकार सेना ने उठाई केंद्रीय पुरुष आयोग के गठन की आवाज़!

आजाद अधिकार सेना के जिला उपाध्यक्ष उधम सिंह ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा पत्र; पुलिसिया उत्पीड़न पर लगाम लगाने के लिए 'पुलिस शिकायत आयोग' बनाने की भी पुरजोर मांग।

रिपोर्ट: वीरेंद्र पटेल। 

वाराणसी। देश में बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश के बीच पुरुषों के साथ होने वाले कथित अन्याय और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर उठते सवालों को लेकर राजनीतिक दल ‘आजाद अधिकार सेना’ ने एक बड़ा कदम उठाया है। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व आईपीएस (IPS) अमिताभ ठाकुर के निर्देशन में वाराणसी के जिला उपाध्यक्ष उधम सिंह द्वारा भारत की राष्ट्रपति को संबोधित एक महत्वपूर्ण मांग पत्र स्थानीय जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया है। इस प्रत्यावेदन के जरिए देश में ‘पुरुष आयोग’ तथा ‘पुलिस शिकायत आयोग’ के तत्काल गठन की मांग की गई है।

बदलते परिवेश में पुरुषों के लिए भी जरूरी है ‘पुरुष आयोग’

राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में आजाद अधिकार सेना ने इस बात को प्रमुखता से रेखांकित किया है कि जहां एक ओर देश में महिलाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं और प्रताड़ना के मामलों से निपटने के लिए तंत्र मौजूद हैं, वहीं अब बदलते सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में पुरुषों के साथ भी अन्याय और उत्पीड़न के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
पत्र में कहा गया है कि अब ऐसी स्थिति नहीं रह गई है कि मात्र महिला वर्ग ही अनिवार्य रूप से शोषित या पीड़ित हो, कई परिस्थितियों में पुरुष वर्ग का व्यक्ति भी गंभीर रूप से प्रताड़ित हो रहा है। ऐसे में पुरुषों की विशिष्ट समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय स्तर और विभिन्न राज्यों में महिला आयोग की तर्ज पर ‘पुरुष आयोग’ का गठन किया जाना अब समय की मांग बन चुका है।

पुलिसिया मनमानी और उत्पीड़न पर रोक के लिए बने ‘शिकायत आयोग’

इसके साथ ही मांग पत्र में आम नागरिकों को पुलिस के क्रियाकलापों, कार्यवाहियों और कथित मनमानी से होने वाली दिक्कतों का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया गया है। आजाद अधिकार सेना का आरोप है कि पुलिस के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर जो भी शिकायतें की जाती हैं, वे घूम-फिरकर वापस उन्हीं आरोपी पुलिस अधिकारियों या उनके वरिष्ठ अफसरों के पास जांच के लिए पहुंच जाती हैं। इसके चलते मामलों को जानबूझकर रफा-दफा कर दिया जाता है, जो कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के पूरी तरह विपरीत है।
दल ने मांग की है कि पुलिस के विरुद्ध आने वाली शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय और राज्य स्तरों पर एक स्वतंत्र ‘पुलिस शिकायत आयोग’ का गठन किया जाना अनिवार्य है।

इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

इस मांग पत्र को जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाने के दौरान आजाद अधिकार सेना के जिला उपाध्यक्ष उधम सिंह के साथ संगठन मंत्री श्याम सिंह तथा सदस्य आत्माराम साहू सहित दल के अन्य सैनिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button