Ghazipur

सैदपुर अंडरपास के पास भीषण सड़क हादसा: बस की टक्कर से देवरानी-जेठानी और मासूम की मौत, पिता-पुत्री घायल

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के अंडरपास के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और एक मासूम बच्ची घायल हो गए। मृतकों में देवरानी-जेठानी और गोद में मौजूद एक मासूम बच्चा शामिल है। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरी पुत्र कुंदन गिरी अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आजमगढ़ गए थे। वहां से लौटते समय उनकी पत्नी काजल गिरी (23 वर्ष), दो माह का पुत्र सेजल, एक वर्षीय पुत्री श्रेया तथा भाभी रितु देवी (25 वर्ष), पत्नी पंकज गिरी बाइक पर सवार थीं।

बताया जा रहा है कि जैसे ही परिवार की बाइक सैदपुर अंडरपास के नीचे पहुंची, पीछे से चिरैयाकोट की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे सड़क पर गिरी काजल गिरी, रितु देवी और काजल की गोद में मौजूद दो माह के मासूम सेजल बस की चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं हादसे में प्रतीक गिरी और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कोतवाली क्षेत्र के पास बस को रोक लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button