सैदपुर तहसील में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लेखपाल और कानूनगो सम्मानित
जनसेवा में उत्कृष्टता पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बांटे प्रशस्ति पत्र, प्रशिक्षण की भी हुई घोषणा

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
सैदपुर (गाजीपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन लेखपालों और एक कानूनगो को सम्मानित किया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया और अन्य राजस्वकर्मियों से प्रेरणा लेने की अपील की।
सम्मानित किए गए लेखपालों में विकास पांडेय, चित्रा चौरसिया और राहुल मौर्या शामिल हैं, जबकि कानूनगो विनय कुमार को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मान मिला। इन सभी कर्मचारियों ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आईजीआरएस मामलों का निस्तारण किया, साथ ही वरासत एवं क्षेत्रीय कार्यों में भी कुशलता दिखाई।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि ऐसे कर्मचारी जनसेवा की मिसाल हैं और भविष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लेखपालों को जिलाधिकारी स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि लेखपालों के लिए 20-20 का एक बैच बनाकर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें कानूनगो और नायब तहसीलदार प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। इसकी निगरानी स्वयं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट करेंगे।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अपने कार्य में थोड़ी और गंभीरता दिखाएं। बैठक में तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार अजय कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




