VaranasiNews

बारिश की बूंदों को चुनौती देते हुए, कैंट पुलिस की टीम ने रन फॉर यूनिटी में दिखाया असली जज़्बा!

नीरज सिंह, वाराणसी

 

वाराणसी, 31 अक्टूबर : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में थाना कैंट पुलिस ने बारिश की परवाह किए बिना उत्साहपूर्ण भागीदारी की। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद पुलिसकर्मियों ने जोश और एकता का संदेश देते हुए दौड़ पूरी की, जिससे आयोजन में चार चांद लग गए।

दौड़ की शुरुआत छावनी स्थित नेहरू पार्क के परमवीर चौक से हुई। विभिन्न मार्गों से होते हुए यह पुनः परमवीर चौक पर ही समाप्त हुई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर क्राइम सत्यप्रकाश यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम केवल यादव, प्रभारी चौकी नदेसर सुमित पांडेय, कचहरी चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्रा, फूलवरिया चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय, अर्दली बाजार चौकी टीम, थाने के सभी उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल तथा पुलिस लाइन से आई महिला रंगरूटों सहित दर्जनों जवान शामिल हुए।

खास बात यह रही कि बारिश ने न तो उनके हौसले को डगमगाया और न ही उत्साह को कम किया। सभी पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर दौड़ पूरी की और सरदार पटेल के आदर्शों को चरितार्थ किया। यह आयोजन एक सशक्त एवं अखंड भारत के संकल्प को समर्पित रहा, जिसमें पुलिस की निष्ठा और देशभक्ति का जीवंत प्रदर्शन हुआ।

कैंट पुलिस की इस भागीदारी ने न केवल राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, बल्कि आमजन को भी प्रेरित किया। आयोजकों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय उदाहरण बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button