सैदपुर नगर पंचायत के 9 सभासदों ने तहसील दिवस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा पत्रक
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 1303 लाभार्थियों की पात्रता जांच कर आवास देने की मांग, एसडीएम ने दी जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन

आकाश पाण्डेय, सैदपुर, गाज़ीपुर
सैदपुर (गाजीपुर)। आज तहसील दिवस (मुख्य सम्पूर्ण समाधान दिवस) के अवसर पर सैदपुर नगर पंचायत के 9 वार्डों के सभासदों ने एक संयुक्त पत्रक तैयार कर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर को सौंपा। पत्रक में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-U 2.0) के अंतर्गत सूचीबद्ध 1303 लाभार्थियों की पात्रता की जांच कराने और सही पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
वार्ड नंबर 13 से सुनील यादव की अगुवाई में यह पत्रक सौंपा गया। अन्य सभासदों में शामिल हैं — वार्ड नंबर 6 से गीता देवी, वार्ड नंबर 15 से कुलदीप निषाद, वार्ड नंबर 12 से ममता देवी, वार्ड नंबर 4 से इरफान अहमद, वार्ड नंबर 2 से गुड्डी देवी, वार्ड नंबर 3 से मुन्नी देवी तथा वार्ड नंबर 1 से जालिम सोनकर।
सभासदों ने पत्रक में अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 1303 लाभार्थियों की सूची तैयार की गई है। जिन्होंने अपने सभी कागजात लगाकर फॉर्म जमा किया है, ऐसे में सूची की जल्द जांच कराई जाए, ताकि लाभार्थी परिवार को इस योजना का लाभ जल्दी मिल सके।
वार्ड 13 के सभासद सुनील यादव ने बताया कि सभासदों ने सामूहिक रूप से यह कदम उठाया है ताकि योजना का क्रियान्वयन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि गरीब और वंचित परिवारों को उनके हक का आवास जल्द मिले।”
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर (एसडीएम) ने पत्रक प्राप्त करते हुए सभासदों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से पात्रता की जल्द से जल्द जांच कराई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति वास्तव में पात्र पाए जाएंगे, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ शीघ्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता पर लेगा और जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सभासदों का यह संयुक्त प्रयास योजना को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जांच के बाद सही लाभार्थियों को उनके घर बनाने का सपना जल्द पूरा होगा।




