VDA की लापरवाही: निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक की मौत, कई घायल; चार साल पहले भी ऐसा ही हादसा ले चुका है दो जान
चौकाघाट में आंधी-बारिश के बीच गिरी 8 फीट ऊंची बाउंड्री, एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू; सीज बिल्डिंग पर निर्माण के आरोप

- आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
वाराणसी के चौकाघाट क्षेत्र में बुधवार को तेज हवा और बारिश के दौरान एक निर्माणाधीन भवन की बाउंड्री दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार गिरने से बगल में स्थित मोटर पम्प सर्विस वर्कशॉप में मलबा गिरा, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
आंधी-बारिश के बीच भरभराकर गिरी दीवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आंधी और बारिश के दौरान निर्माणाधीन भवन की करीब 8 फीट ऊंची बाउंड्री दीवार अचानक गिर गई। दीवार के गिरते ही बगल में स्थित बाबू खान की मोटर पम्प सर्विस वर्कशॉप पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई। उस समय वर्कशॉप में मौजूद लोग दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में एक की मौत, कई घायल
रेस्क्यू के दौरान चार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि एक व्यक्ति मलबे में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अनवर आलम की मौत हो गई। अमित कुशवाहा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज कबीरचौरा अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों—सूरज मौर्य, दिनेश पटेल और अमन—का इलाज पंडित दीनदयाल अस्पताल में जारी है।
सीज बिल्डिंग पर निर्माण के आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह निर्माणाधीन भवन राजेश्वर तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी का बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस भवन को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा पहले ही सीज किया जा चुका था, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी था। इसको लेकर प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
चार साल पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 मई 2022 को पांडेयपुर–हुकुलगंज तिराहा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के दौरान निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी। ताड़ीखाना इलाके में हुई उस घटना में पांचवीं मंजिल की दीवार गिरने से हुकुलगंज निवासी रतन कुमार चौरसिया (52) और चौबेपुर के शौकत अली (48) की जान चली गई थी।
VDA पर पहले भी उठे थे लापरवाही के सवाल
2022 के हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया था और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठी थी। बावजूद इसके, ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ताजा घटना के बाद भी स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध या असुरक्षित निर्माण पर सख्ती की जाती, तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता था। प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
वाराणसी दीवार गिरने का हादसा, चौकाघाट बिल्डिंग हादसा, निर्माणाधीन भवन दुर्घटना वाराणसी, आंधी में दीवार गिरने से मौत, वाराणसी एनडीआरएफ रेस्क्यू, अवैध निर्माण वाराणसी, VDA सीज बिल्डिंग हादसा, वाराणसी ताजा हादसा न्यूज, Varanasi wall collapse incident 2026, under construction building collapse Varanasi, Chaukaghat accident news Varanasi, wall collapse due to storm India news, NDRF rescue operation Varanasi building collapse, illegal construction Varanasi VDA action, Varanasi accident latest news today, building collapse death case UP, storm damage incident Varanasi, Kabirchaura hospital injury case Varanasi, Pandit Deendayal hospital Varanasi accident, construction negligence accident India, Varanasi breaking news building collapse, UP हादसा न्यूज 2026, वाराणसी हादसा ताजा खबर




