सैदपुर पुलिस की बड़ी सफलता: अपहृत किशोरी सकुशल बरामद, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

सैदपुर (गाजीपुर)। गाजीपुर की सैदपुर पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना सैदपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 410/25, धारा 61(2) एवं 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज मामले की विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान सर्विलांस सेल की सहायता से पुलिस टीम ने किशोरी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद वाराणसी जनपद के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नारायणपुर के एक ईंट-भट्ठे के पास दबिश देकर अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मौके से पुलिस ने घटना में नामजद मुख्य आरोपित सुमित पुत्र नगीना और राज पुत्र नगीना, निवासी ग्राम नारायणपुर ककरही, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना सैदपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस सफल कार्रवाई को उप निरीक्षक श्वेता कुमारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी जया त्रिपाठी तथा आरक्षी मुस्कान सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




