असलहा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कांस्टेबल अमित शुक्ला को लगी तीन गोलियां
वाराणसी के सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी में दुस्साहसिक वारदात, पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से सिपाही गंभीर; BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पहुंचे अस्पताल

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई। असलहा तस्करों को पकड़ने गई लंका थाने की क्राइम टीम पर एक युवक ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लग गईं। पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
दो युवकों को पकड़कर पूछताछ कर रही थी पुलिस, तीसरे ने शुरू कर दी फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम लंका थाना की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी असलहा तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में सुंदरपुर इलाके के नरिया तिराहे के पास स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद तीसरे युवक ने अचानक पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर की ओर से चलाई गई गोलियों में कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए। उन्हें पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। गोली लगते ही उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला और बिना देर किए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पहुंचे ट्रॉमा सेंटर, बदमाशों की तलाश में कई टीमें गठित
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल कांस्टेबल का हाल जानने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल सिपाही के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
वहीं, घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। इसके लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के संभावित ठिकानों पर छानबीन कर रही हैं। फायरिंग करने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री के वाराणसी आगमन से पहले पुलिस टीम पर फायरिंग से बढ़ी चुनौती
गौरतलब है कि शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से सुरक्षा व्यवस्था में जुटा है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक एक दिन पहले पुलिस टीम पर फायरिंग और एक कांस्टेबल के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
फिलहाल घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग करने वाले युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है।





One Comment