Ghazipurशासन प्रशासन

सैदपुर तहसील से मुख्यमंत्री शिक्षा कैशलेस योजना का शुभारंभ, 12 लाख शिक्षा परिवारों को मिलेगा लाभ

10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, 5 लाख तक कैशलेस इलाज और 1.10 करोड़ बच्चों को हर वर्ष 1200 रुपये की सहायता मिलेगी

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

 

सैदपुर (गाजीपुर)। बुधवार को सैदपुर तहसील सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षा कैशलेस योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर तहसील सभागार में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री शिक्षा कैशलेस योजना का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े परिवारों को आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षा परिवारों को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा (एक्सीडेंटल कवर) उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक पात्र परिवार को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के माध्यम से शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक, कर्मचारी एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे इलाज के दौरान होने वाले भारी खर्च का बोझ कम होगा और परिवारों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

इस दौरान सरकार की एक अन्य महत्वपूर्ण पहल की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रदेश के 1 करोड़ 10 लाख बच्चों को प्रतिवर्ष 1200 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस राशि का उपयोग विद्यार्थी अपनी स्कूल ड्रेस, जूते, मोजे, बैग तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री की खरीद के लिए कर सकेंगे। इससे बच्चों की बुनियादी शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गाजीपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षा कैशलेस योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लाखों शिक्षा परिवारों को सुरक्षा और आर्थिक संबल मिलेगा।

इस अवसर पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय शंकर राय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सरकार की पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा परिवारों के हित में महत्वपूर्ण बताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button