Ghazipur

रेल इंजन में घुसकर रील बनाने का शौक पड़ा महंगा, Khabar Bharat की खबर वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन, युवक गिरफ्तार

खबर भारत पर खबर चलने के बाद मचा हड़कंप, वायरल वीडियो के आधार पर आरपीएफ ने की पहचान और गिरफ्तारी

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

 

सैदपुर (गाजीपुर)। रेलवे इंजन में घुसकर ट्रेन चलाने का अभिनय करते हुए रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रविवार को उसे ककरही त्रिमुहानी से गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

सैदपुर (गाजीपुर)। सोशल मीडिया पर चर्चित होने की चाह में रेल इंजन के अंदर घुसकर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े इस गंभीर मामले का वीडियो सामने आने के बाद खबर भारत ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। खबर के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही रेलवे प्रशासन और आरपीएफ में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और रविवार को उसे ककरही त्रिमुहानी से गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बिना शर्ट पहने प्लेटफॉर्म पर पहुंचा, इंजन में बैठकर बनाया वीडियो

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर सैदपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर एक अतिरिक्त इंजन खड़ा था। इसी दौरान केवल जींस पहने एक युवक स्टेशन पहुंचा और सीधे इंजन रूम में घुस गया। युवक ने इंजन के भीतर बैठकर ट्रेन स्टार्ट करने का अभिनय किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वीडियो वायरल होते ही रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे। संवेदनशील क्षेत्र में युवक के बेखौफ प्रवेश ने रेलवे अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी।

वायरल वीडियो के बाद रेलवे प्रशासन ने दर्ज कराया मुकदमा

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य शक्ति नियंत्रण वाराणसी की ओर से युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम युवक की तलाश में जुट गई।

सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद से वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान की गई। जांच में युवक की पहचान क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी अरविंद यादव पुत्र रमेश यादव के रूप में हुई।

आरपीएफ ने ककरही त्रिमुहानी से दबोचा आरोपी

पहचान होने के बाद प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ गाजीपुर सिटी प्रियंबु प्रिय के निर्देशन में उप निरीक्षक मनिंद्र यादव और सहायक उप निरीक्षक राकेश सिंह की टीम ने रविवार सुबह ककरही गांव स्थित त्रिमुहानी के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

आरपीएफ द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रील बनाने का था शौक, दौड़ लगाने के बाद पहुंच गया था स्टेशन

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे रील बनाने का शौक है। रविवार से पहले वह सैदपुर स्टेशन के पास स्थित राजकीय महाविद्यालय के मैदान में दौड़ लगाने गया था। दौड़ पूरी करने के बाद वह स्टेशन पहुंचा और वहां खड़े इंजन में घुसकर वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

रेलवे ने दी चेतावनी, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश करना अपराध

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि रेल इंजन, ट्रैक और अन्य परिचालन क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील होते हैं। बिना अनुमति इन स्थानों में प्रवेश करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे रेलवे की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। अधिकारियों ने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के खतरनाक और गैरकानूनी कदम न उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button