समरसेबल पंप में उतरे करंट से 8वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, इकलौते बेटे को खोकर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्कूल से घर लौटने के बाद हाथ-पैर धोते समय हुआ हादसा, चार बहनों के इकलौते भाई की मौत से गांव में पसरा मातम

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर
सैदपुर (गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के मलौरा मिर्जापुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में समरसेबल पंप में उतरे करंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लोरिक पाल का 13 वर्षीय पुत्र अमित पाल स्थानीय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। शुक्रवार को वह रोज की तरह स्कूल से पढ़ाई करके घर लौटा था। दोपहर बाद घर के बाहर लगे समरसेबल पंप पर हाथ-पैर धोने के लिए पहुंचा। इसी दौरान पंप में पहले से उतरे करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अमित को करंट की चपेट में तड़पता देख परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह बिजली का संपर्क बंद कर उसे करंट से अलग किया गया और आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से पिता लोरिक पाल और मां अनिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए और उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही सैदपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मलौरा मिर्जापुर गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।




