वाराणसी: जेवर के नाम पर ‘जहर’, नामी ज्वेलरी हाउस ने महिला से की ₹14.50 लाख की ठगी
नकली चांदी और झांसे का खेल: पुलिस को 'मैनेज' करने की धमकी देकर पीड़ित परिवार को डरा रहा दबंग दुकानदार

रिपोर्ट:वीरेन्द्र पटेल।
वाराणसी। वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र की रहने वाली एक बेबस महिला, प्रेमा पाण्डेय, आज न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है। जिस ज्वेलरी की दुकान पर उन्होंने भरोसा किया, उसी ने उनकी जीवन भर की जमापूंजी और रिश्तों से उधार लिए गए लाखों रुपयों को मिट्टी में मिला दिया। यह मामला न सिर्फ वित्तीय धोखाधड़ी का है, बल्कि एक आम नागरिक के भरोसे के कत्ल का भी है।
जमीन खरीदने के लिए जोड़े थे पैसे, ‘सुनहरे भविष्य’ का झांसा देकर लूटा
पीड़ित प्रेमा पाण्डेय ने अपनी मेहनत की कमाई और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर ₹14.50 लाख की भारी रकम एक जमीन खरीदने के लिए रखी थी। काल भैरव मंदिर स्थित ‘गौतम ज्वेलरी हाउस’ के प्रोपराइटर कृतज्ञ सिंह को जब इस बात की भनक लगी, तो उसने महिला को भविष्य में सोने-चांदी के दाम बढ़ने का डर दिखाया। उसकी बातों में आकर महिला ने जमीन खरीदने के बजाय सारा पैसा उसे सौंप दिया।
4.5 किलो नकली चांदी और ‘गायब’ हुआ सोना
पैसे लेने के बाद आरोपी ने महिला को 4.5 किलो चांदी दी और सोने के लिए स्टॉक आने का बहाना बना दिया। जब काफी दिनों तक कोई खबर नहीं आई और महिला ने सामान मांगा, तो जांच में पता चला कि दी गई चांदी पूरी तरह नकली थी। इतना ही नहीं, पूर्व में बंधक रखे गए गहने भी पैसे चुकाने के बावजूद वापस नहीं किए गए।
‘पुलिस मेरी जेब में है’ – दबंग दुकानदार की खुली चुनौती
जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी कृतज्ञ सिंह ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि दुकानदार खुलेआम कह रहा है कि उसकी प्रशासन में अच्छी पकड़ है और वह महिला के ही पैसों से पुलिस को ‘मैनेज’ कर लेगा। फिलहाल, पीड़ित ने कमिश्नरेट पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।




