VaranasiCrimeNewsबड़ी ख़बर

छात्रा की तलाश में कमरे तक पहुंची मां, बाथरूम में बेटी का शव देखकर उड़े होश

मोबाइल लोकेशन के आधार पर बच्छांव पहुंची थी पुलिस, कमरे पर ताला देख लौटने का आरोप; चाबी मिलने पर मां ने खोला दरवाजा तो उड़े हो

माधवी मिश्रा, वाराणसी

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 24 वर्षीय MSc छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव उसके प्रेमी के बच्छांव स्थित किराए के कमरे से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। छात्रा का शव कमरे के बाथरूम में सड़ी-गली अवस्था में मिला। परिजनों के मुताबिक, श्रेया 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। छात्रा का मोबाइल सर्विलांस पर लगाए जाने के बाद उसकी आखिरी लोकेशन बच्छांव में मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली थी।

 

 

परिजनों का आरोप है कि पुलिस लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे के बाहर ताला लगा होने के बाद वापस लौट गई। इसके बाद परिजनों ने खुद छात्रा की तलाश जारी रखी। 20 अगस्त को श्रेया की मां और उसका चचेरा भाई उसके कथित प्रेमी विवेक चौबे के मामा के घर मिर्जापुर के सीखड़ पहुंचे। वहां विवेक के बारे में जानकारी लेने पर उसके गायब होने की बात सामने आई। इसी दौरान वहां मिले विवेक के बैग से कमरे की चाबी मिलने की बात सामने आई। चाबी लेकर श्रेया की मां बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचीं और ताला खोला। दरवाजा खुलते ही तेज दुर्गंध आई। अंदर बाथरूम में श्रेया का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

कॉलेज जाने के बाद नहीं लौटी थी घर

परिजनों के अनुसार, श्रेया उपाध्याय राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी थी। सुनील उपाध्याय चंदापुर में कपड़े की दुकान चलाते हैं। श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में MSc प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 18 अगस्त को वह रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आई। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

विवेक से प्रेम संबंध की बात आई सामने

पुलिस के अनुसार, चोलापुर के नियार गांव निवासी विवेक चौबे का श्रेया के परिवार से परिचय था। विवेक का ननिहाल जमुनी गांव में बताया गया है। इसी दौरान श्रेया और विवेक की मुलाकात हुई और दोनों के बीच दोस्ती के बाद प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि विवेक बच्छांव में किराए के कमरे में रहता था और दोनों अक्सर मिलते थे। घटना के बाद से विवेक के फरार होने की बात कही जा रही है।

प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच कराई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार युवक की तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button