Varanasi: त्योहारों से पहले बनारस में चाइनीज़ मांझे के खिलाफ सख्ती, नदेसर में ड्रोन से पुलिस ने शुरू की निगरानी

वाराणसी। आगामी त्योहारों को देखते हुए वाराणसी में पतंगबाजी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पतंग उड़ाते हैं, लेकिन चाइनीज़ मांझे के इस्तेमाल से लगातार गंभीर हादसे सामने आ रहे हैं। गले, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में कट लगने से कई लोग घायल हो चुके हैं, वहीं कुछ मामलों में जान का खतरा भी उत्पन्न हुआ है।
इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल के आदेश के क्रम में थाना कैंट पुलिस ने नदेसर क्षेत्र में विशेष जागरूकता और निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके का सर्वे किया गया और पतंग उड़ाने वालों पर नजर रखी गई। पुलिस टीम ने लोगों को स्पष्ट रूप से जागरूक किया कि पतंग उड़ाने में चाइनीज़ मांझे का प्रयोग न करें, क्योंकि यह न केवल गैरकानूनी है बल्कि आमजन के जीवन के लिए भी बेहद खतरनाक है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति चाइनीज़ मांझे का इस्तेमाल करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को भी समझाया गया कि वे सुरक्षित और मानक मांझे का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस का यह अभियान न केवल कानून के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया, बल्कि आमजन की सुरक्षा और जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और त्योहारों को सुरक्षित एवं आनंदमय तरीके से मनाएं।
VDA जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा पर घूस मांगने का गंभीर आरोप, VC ने निलंबन के लिए शासन को लिखा पत्र




