वाराणसी में मानक विपरीत मैरिज लॉन का आतंक: आधी रात तक तेज डीजे, सड़कें जाम, स्थानीय निवासियों की नींद हराम, VDA कब करेगा सख्त कार्रवाई?
आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी में मानक विपरीत मैरिज लॉन का आतंक, आधी रात तक तेज डीजे, सड़कें जाम, स्थानीय निवासियों की नींद हराम, VDA कब करेगा सख्त कार्रवाई?
वाराणसी। फरवरी-मार्च का शादी-ब्याह का सीजन पूरे जोरों पर है। शहर के कोने-कोने में गली-मोहल्लों, रिहायशी इलाकों में नये-नये मैरिज लॉन और हॉल खुल गए हैं। इनमें से अधिकांश वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के मानकों के बिल्कुल विपरीत चल रहे हैं। लगभग 90% से ज्यादा मैरिज लॉन मानक के विपरीत बिना मान्यता के चल रहे हैं, लेकिन इन ओर कोई कार्यवाही नहीं हो रही हैं। तेज डीजे की धमक आधी-आधी रात तक गूंजती रहती है। अनियंत्रित यातायात से सड़कें व कॉलोनियों के रास्ते जाम हो जाती हैं। आसपास के रहवासी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की परेशानी चरम पर है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को न तो आवाज सुनाई देती है, न ही कोई ठोस कार्रवाई होती है।
शहरवासी पूछ रहे हैं—VDA की जिम्मेदारी है तो कार्रवाई कब होगी?
रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से फैला हुआ है मैरिज लॉन का जाल
VDA के पुराने दस्तावेजों और 2021 की रिपोर्ट के अनुसार शहर की सीमा में 600 से ज्यादा मैरिज लॉन संचालित हो रहे हैं। इनके लिए सख्त मानक तय हैं—न्यूनतम 1500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल, पर्याप्त पार्किंग, प्रवेश गेट पर गार्ड, किचन शेड, सड़क पर कोई भी गतिविधि न हो। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। कई लॉन गली के अंदर, रिहायशी प्लॉटों पर बिना नक्शा पास कराए या आवासीय मंजूरी लेकर चल रहे हैं। इनमें पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं। मेहमानों की गाड़ियां सड़क पर खड़ी हो जाती हैं। बारात निकलती है तो पूरा मोहल्ला जाम।
एक कैन्ट थाना क्षेत के निवासी (नाम गोपनीय) ने बताया, “रात 8-9 बजे के बाद डीजे शुरू होता है और आधी रात के बाद तक कानफाड़ू आवाज में पूरा इलाका कांप उठता है। बच्चे पढ़ नहीं पाते, बुजुर्ग नींद से उठ जाते हैं। शिकायत करने पर कहा जाता है—‘शादी है, सह लो’।”
पुलिस के निर्देश के बावजूद उल्लंघन जारी
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने 5 फरवरी 2026 को मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और डीजे संचालकों की बैठक में साफ निर्देश दिए थे—
– डीजे रात 10 बजे के बाद बंद होना चाहिए।
– आवाज 80 डेसिबल से ज्यादा न हो।
– पार्किंग सिर्फ परिसर में, सड़क पर नहीं।
– बारात का रूट पहले से अनुमति लेकर।
उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट, नॉइज पॉल्यूशन कंट्रोल एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई का चेतावनी दी गई। भिखारीपुर के वैष्णवी लॉन में 10 फरवरी की रात डीजे बजाने और सड़क घेरने पर एफआईआर दर्ज हुई। शक्तिनगर मार्ग पर ड्रीम्स होटल के सामने भी जाम की शिकायत आई। लेकिन ये घटनाएं अलग-अलग हैं। शहरभर में सैकड़ों लॉन रोज यही उल्लंघन कर रहे हैं।
VDA की जिम्मेदारी और चुप्पी
VDA के भवन निर्माण उपविधि 2025 और पुराने नियमों में मैरिज हॉल/लॉन के लिए लैंड यूज, पार्किंग, सेटबैक, फायर सेफ्टी सब तय है। बिना मंजूरी या मानक तोड़ने पर सीलिंग का प्रावधान है। 2023 में VDA ने कई अवैध लॉन सील किए थे। लेकिन इस सीजन में अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता कहते हैं, “कुछ लॉन VDA के मानक के अनुरूप हैं, लेकिन वे भी नियम तोड़ रहे हैं तो VDA क्यों चुप है? अप्रूवल देने के बाद निगरानी कौन करेगा? पुलिस सिर्फ रात की घटना पर आती है, लेकिन लॉन का निर्माण और संचालन VDA का विषय है।”
निवासियों की मांग
– VDA तुरंत सर्वे करे और मानक विपरीत लॉन को नोटिस दे।
– बिना पार्किंग वाले लॉन पर तत्काल सीलिंग।
– डीजे पर सख्त समयबद्धता लागू हो, रात 10 बजे के बाद पूर्ण प्रतिबंध।
– हर लॉन पर CCTV और शोर मॉनिटरिंग अनिवार्य।
– शिकायत के लिए हेल्पलाइन और त्वरित एक्शन टीम बनाई जाए।
शादी खुशी का मौका है, लेकिन दूसरों की शांति छीनने का हक किसी को नहीं। वाराणसी विकास प्राधिकरण अगर अभी नहीं जागा तो शहर की रिहायशी शांति हमेशा के लिए खतरे में पड़ जाएगी। क्या VDA के अधिकारी इस खबर को पढ़कर कुछ कदम उठाएंगे? या फिर अगले शादी सीजन तक यही सिलसिला चलता रहेगा?




