Varanasi

अदिति यादव के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर सपा का विरोध, कार्यवाही के लिए पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

सोशल मीडिया पर मानहानिकारक टिप्पणियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, दोषियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज करने की अपील

श्रुति, वाराणसी

 

 

  • अदिति यादव पर आपत्तिजनक पोस्टों के विरोध में सपा का प्रदर्शन, पुलिस से कार्रवाई की मांग
  • सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
  • अदिति यादव को निशाना बनाने वालों पर कार्रवाई हो- अधिवक्ता आलोक सौरभ पाण्डेय
  • महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो कानूनी कार्रवाई: सपा

 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ कथित रूप से की जा रही आपत्तिजनक, अमर्यादित और मानहानिकारक पोस्टों को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में पुलिस आयुक्त वाराणसी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर अदिति यादव के संबंध में कुछ व्यक्तियों द्वारा आपत्तिजनक, अनैतिक और मानहानिकारक टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। इस प्रकार की पोस्ट न केवल किसी व्यक्ति की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और अशांति का वातावरण भी उत्पन्न कर सकती हैं।

 

सपा का अल्टीमेटम: शहर से बाहर हों शराब के ठेके, बार और आलीशान मांसाहारी होटल

 

महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध बताई गई पोस्टें

ज्ञापन में कहा गया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी महिला अथवा व्यक्ति की प्रतिष्ठा को धूमिल करना स्वीकार्य नहीं है। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित आपत्तिजनक सामग्री महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने के साथ-साथ विभिन्न कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती है।

सपा नेताओं ने मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया खातों और व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।

आलोक सौरभ पाण्डेय का भाजपा और संघ परिवार पर निशाना

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा नेता आलोक सौरभ पाण्डेय ने आरोप लगाया कि अदिति यादव को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बेटी को केवल इसलिए टार्गेट किया जा रहा है क्योंकि वह अखिलेश यादव की पुत्री हैं।

आलोक सौरभ पाण्डेय ने दावा किया कि अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर निर्माण से जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर उठाए गए सवालों के बाद उनके परिवार के खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जा रही इस तरह की टिप्पणियां निंदनीय हैं और समाज में गलत संदेश देती हैं।

 

वाराणसी: पेनेशिया हॉस्पिटल के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, इलाज में लापरवाही और आर्थिक शोषण के आरोप

 

दोषियों को पहचान कराकर उन पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि पुलिस प्रशासन पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्तियों की पहचान करे और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी महिला या परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित करने का साहस न कर सके।

सपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादा की रक्षा के लिए ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button